सिरमौर उत्सव: पहली सांस्कृतिक संध्या में थिरके दर्शक, ‘खूंटा’ फिल्म की स्टारकास्ट रही खास आकर्षण

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : ऐतिहासिक शहर नाहन में आयोजित STEPco सिरमौर उत्सव 2026 की पहली सांस्कृतिक संध्या बेहद धूमधाम, उत्साह और मनोरंजन के माहौल में संपन्न हुई। उत्सव की शुरुआत के साथ ही पूरे शहर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे दर्शकों में भारी उत्साह देखा गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं से सजी इस संध्या ने नाहन के स्थानीय मंच पर कला, संस्कृति और जन-भागीदारी का एक बेहतरीन नजारा पेश किया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्भव शुक्ला की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की, जिनमें SK अत्री, डॉ. अनिकेता और डॉ. सबलोक शामिल रहे। इसके साथ ही नाहन की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्थाओं—लायंस क्लब, इनर व्हील तथा रोटरी हिल्स—के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और उत्सव की शोभा बढ़ाई।

सांस्कृतिक संध्या के मंच से समाजसेवा और खेल के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली स्थानीय हस्तियों को सम्मानित किया गया। निस्वार्थ जनसेवा और रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए अमरजीत, जाबर खान और मनप्रीत कौर को Appreciation Award से नवाजा गया। इसके साथ ही, प्रतिष्ठित संतोष ट्रॉफी में राज्य का नाम रोशन करने वाले स्थानीय फुटबॉल खिलाड़ी सागर और शिवान ठाकुर को भी मंच पर सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बच्चों और युवाओं के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का खूब ध्यान खींचा। बेबी शो, जूनियर एवं सीनियर डांस प्रतियोगिता तथा रैप बैटल इस संध्या के मुख्य आकर्षण रहे। इन प्रतियोगिताओं में विजेताओं को परखने के लिए विपिन कौशल, सुनील कुमार और प्रीति शर्मा ने निर्णायक की अहम भूमिका निभाई। इसके बाद गायक अद्मय और संतोष की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे पांडाल में समां बांध दिया और दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

संध्या का एक विशेष आकर्षण सिरमौर के शिलाई और उत्तराखंड के जौनसार क्षेत्र की पृष्ठभूमि में फिल्मांकित हिमाचली फिल्म ‘खूंटा’ की स्टारकास्ट की उपस्थिति रही। सिनेमाघरों में 18 सितंबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म के प्रमोशन के लिए इसके निर्माता मुकेश मोदी, निर्देशक, लेखक और मुख्य अभिनेत्री अनुश्री नाहन पहुंचे। पूरी टीम ने मंच से फिल्म की शूटिंग और कहानी से जुड़े अपने अनुभव साझा किए, जिस पर नाहन की जनता ने तालियों की गड़गड़ाहट और गर्मजोशी के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

इस पूरे भव्य आयोजन को सफ़ल बनाने में आयोजक संस्था STEPco की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच संचालन और व्यवस्था की कमान STEPco के अध्यक्ष रजित सिंह कंवर तथा सचिव वसीम खान ने संभाली। उनके साथ फरज़ाना सैयद, गगन सैनी, केतन बदलान, राजकुमार, अनीश सैनी, मोनू यादव, राजीव सोढ़ा, गीता कैंत, सीमा और काजल सहित पूरी स्टेपको टीम पूरे कार्यक्रम के दौरान मौजूद रही।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।