नाहन : सड़क के बीचों-बीच टिप्पर खड़ा करने का कारण पूछना एक चालक को महंगा पड़ गया। गुस्साए दूसरे टिप्पर चालक ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़ित चालक की शिकायत पर पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में विशाल ठाकुर पुत्र बलिन्दर सिंह, निवासी गांव डिगंरी सरजेठ, डाकघर मलोटी, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर ने बताया कि वह पिछले 5-6 महीनों से टिप्पर (नंबर HP71A8644) चला रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 16 नवंबर को वह पांवटा साहिब से टिप्पर में बजरी लोड करके अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 2 बजे जब वह कांगू जोहड़ी से पीछे एक मोड़ के पास पहुंचा, तो वहां पहले से ही एक अन्य टिप्पर (नंबर HP64D1834) सड़क पर खड़ा था, जिससे रास्ता बाधित हो रहा था।

विशाल ठाकुर ने बताया कि जब उसने उक्त टिप्पर के चालक गौतम से सड़क पर गाड़ी खड़ी करने का कारण पूछा, तो वह भड़क गया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते आरोपी चालक गौतम ने उसके साथ लड़ाई-झगड़ा व मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नाहन में दिनांक 27 नवंबर को आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आगामी जांच अमल में लाई जा रही है।