सिरमौर की बेटी मनीषा का अंडर-14 राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में चयन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के विकास खंड पांवटा साहिब की पंचायत कोटड़ी व्यास स्थित शहीद कमल कांत मेमोरियल विद्यालय की छात्रा मनीषा ने जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया है। मनीषा का चयन 69वीं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) अंडर-14 गर्ल्स हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश टीम में हुआ है।

उना में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मनीषा ने सिरमौर जिला टीम की कप्तान के रूप में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व और खेल कौशल की हर ओर सराहना हो रही है।

मनीषा आगामी 27 दिसंबर से 2 जनवरी 2026 तक मोरसिंगी, बिलासपुर में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर (नेशनल कैंप) में हैंडबॉल की बारीकियाँ सीखेंगी। इसके पश्चात वह 5 से 10 जनवरी 2026 तक चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

इस उपलब्धि पर मनीषा के माता-पिता सर्वजीत कौर और दीप कुमार ने खुशी व्यक्त की है। वहीं पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय की स्कूल मैनेजमेंट कमेटी, पंचायत प्रधान सुरेश कुमार, स्कूल स्टाफ एवं ग्रामीणों ने मनीषा को बधाई दी है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रघुबीर तोमर, शिक्षकों चतर चौहान, शशि गुप्ता, उर्मिला शर्मा, किरण कपूर, ज्योति, ओमप्रकाश, राकेश बलदेव, किरण चौहान, लता सहित एसएमसी प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि मान सिंह, मुलख राज, राज कुमार, इसराना बेगम, सुमन, पवन कुमार आदि ने भी मनीषा को शुभकामनाएं दीं।

साथ ही कोच धर्मेंद्र चौधरी को विशेष रूप से बधाई दी गई, जिनके मार्गदर्शन में मनीषा ने लगातार कई वर्षों तक मैदान में कड़ी मेहनत की।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।