नाहन : सिरमौर जिला परिषद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों ने शानदार जीत दर्ज करते हुए परिषद की कमान अपने हाथ में ले ली है। भाजपा समर्थित शिवानी(ददाहू) को जिला परिषद का नया अध्यक्ष और बलदेव भंडारी (पच्छाद) को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के तुरंत बाद जिला दंडाधिकारी (DC) सिरमौर प्रियंका वर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस बड़ी राजनीतिक सफलता पर भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने दोनों पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।
इस बार 17 सदस्यीय सिरमौर जिला परिषद में बहुमत का गणित पूरी तरह से भाजपा के पक्ष में रहा। परिषद के कुल सदस्यों में से भाजपा समर्पित 13 सदस्यों ने जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस के खाते में केवल 3 और एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहा था। संख्या बल में पूरी तरह पिछड़ जाने के कारण विपक्षी खेमे में मायूसी साफ देखी गई। यही वजह रही कि शपथ ग्रहण के इस महत्वपूर्ण मौके पर कांग्रेस समर्थित जिला परिषद सदस्य पूरी तरह से नदारद रहे और उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम से दूरी बनाए रखी।

जिला परिषद की इस एकतरफा जीत के बाद अब जिला मुख्यालय नाहन में राजनीतिक सरगर्मियां और अधिक तेज हो गई हैं। जिला परिषद पर कब्जा जमाने के बाद जहां भाजपा के हौसले बुलंद हैं, वहीं अब सभी की नजरें कल होने वाले नाहन नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव पर टिक गई हैं। सियासी गलियारों में अब इस बात को लेकर सस्पेंस गहरा गया है कि कल नाहन नगर परिषद का ताज किसके सिर सजेगा। क्या भाजपा जिला परिषद की तरह यहाँ भी अपना दबदबा कायम रखेगी, या फिर कांग्रेस कोई नया राजनीतिक उलटफेर करने में कामयाब होगी, यह देखना दिलचस्प होगा।