नाहन : सिरमौर जिला में निशानेबाजी को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा चमकाने के लिए एक बड़ा मंच मिलने जा रहा है। डिस्ट्रिक्ट राइफल एसोसिएशन सिरमौर ने हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब के साथ मिलकर ‘जिला सिरमौर शूटिंग चैंपियनशिप 2026’ के आयोजन की घोषणा की है। दो दिनों तक चलने वाली यह विशेष खेल प्रतियोगिता आगामी 29 और 30 जून 2026 को जिला के धौलाकुआं में स्थित एचपी पुलिस क्लब शूटिंग रेंज में आयोजित की जाएगी।
राइफल एसोसिएशन के महासचिव विभूति सिंह द्वारा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिला स्तर पर शूटिंग के खेल के प्रति युवाओं को आकर्षित करना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। यह चैंपियनशिप सिरमौर के उभरते और अनुभवी निशानेबाजों के लिए अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करने का एक बेहतरीन माध्यम बनेगी। इसके साथ ही, इस स्पर्धा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे चलकर उच्च स्तरीय और बड़े मंच की प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफाई करने का सीधा अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता के दौरान पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए अलग-अलग आयु समूहों (पुरुष, महिला, जूनियर और युवा) में निशानेबाजी के कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे। सभी स्पर्धाएं दोनों दिन सुबह 8:00 बजे से शुरू हो जाएंगी, जिसमें खिलाड़ियों को 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर की श्रेणियों में निशाना साधना होगा। 10 मीटर में एयर राइफल और एयर पिस्तौल, 25 मीटर में स्पोर्ट्स पिस्तौल, जबकि 50 मीटर श्रेणी में राइफल और पिस्तौल के कड़े मुकाबले शामिल किए गए हैं।
इस चैंपियनशिप में सिरमौर जिला के सभी निशानेबाज और नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के नियमों की पात्रता रखने वाले अन्य प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता को पूरी तरह से पारदर्शी और पेशेवर बनाने के लिए एनआरएआई (NRAI) और आईएसएसएफ (ISSF) के अंतरराष्ट्रीय नियमों को लागू किया जाएगा। नियमों के मुताबिक, सभी शूटरों को अपने निर्धारित इवेंट से कम से कम एक घंटा पहले शूटिंग रेंज पर पहुंचना होगा और अपने साथ एक वैध पहचान पत्र (ID Proof) सहित जरूरी शूटिंग दस्तावेज साथ लाने होंगे।
चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के इच्छुक खिलाड़ी, स्कूल, कोच और इस खेल से जुड़े उत्साही लोग तय समय सीमा से पहले डिस्ट्रिक्ट राइफल एसोसिएशन सिरमौर के पास अपनी एंट्री दर्ज करवा सकते हैं। खिलाड़ियों की प्रविष्टियां प्राप्त होने के बाद एसोसिएशन द्वारा विस्तृत रिले शेड्यूल और रिपोर्टिंग टाइम की जानकारी साझा की जाएगी। प्रतियोगिता से जुड़ी किसी भी अन्य जानकारी या पंजीकरण के लिए प्रतिभागी 7876199653, 7018196696, 9459177994 अथवा 9418650992 पर संपर्क कर सकते हैं।