सिरमौर: धौलाकुआं में IIM गेट के पास लावारिस गाड़ियों से 47 पेटियां अवैध शराब बरामद

नाहन : नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना माजरा की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने धौलाकुआं स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) गेट के समीप दो संदिग्ध लावारिस वाहनों से 47 पेटियां अवैध देशी शराब “संतरा” बरामद की हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई को माजरा पुलिस की टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था व सुरक्षा के मद्देनजर गश्त पर थी। गश्त के दौरान जब पुलिस टीम धौलाकुआं में मौजूद थी, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि आईआईएम गेट से आगे सड़क किनारे खड़े दो संदिग्ध वाहनों में अवैध शराब की खेप रखी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया, जहां महिन्द्रा जाइलो और एक अशोक लेलैंड टेम्पो लावारिस अवस्था में खड़े पाए गए।

इसके पश्चात पुलिस टीम ने नियमानुसार दोनों संदिग्ध वाहनों की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान महिन्द्रा जाइलो (HP17C-1856) से अवैध देशी शराब “संतरा” की 30 पेटियां तथा अशोक लेलैंड टेम्पो (HP71A-4416) से 17 पेटियां बरामद हुईं। दोनों वाहनों से कुल मिलाकर 47 पेटियों में 564 बोतलें अवैध देशी शराब पाई गईं।

पुलिस ने बरामद शराब की पूरी खेप को तुरंत कब्जे में ले लिया और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। इस मामले में पुलिस थाना माजरा में आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि शराब का मुख्य स्रोत क्या है, इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था और इस अवैध तस्करी नेटवर्क के पीछे कौन-कौन से व्यक्ति शामिल हैं। मामले में आगामी जांच व तफ्तीश जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।