सिरमौर: पेड़ से गिरने से आशा वर्कर की दर्दनाक मौत, बेटियों के सिर से उठा मां का साया

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित पांवटा साहिब तहसील की ग्राम पंचायत पड़दूनी (गिरिनगर क्षेत्र) में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। गांव की 54 वर्षीय आशा वर्कर श्यामा देवी, पत्नी जगमोहन, की रविवार को पेड़ से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्यामा देवी पेड़ पर चढ़ रही थीं, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे आ गिरीं। हादसे में उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। पेड़ से गिरने के कारण उनकी पसली टूटकर सीधे किडनी में जा लगी, जिससे शरीर के अंदर ही भारी रक्तस्राव होने लगा। इसके अलावा उनके सिर पर भी गंभीर चोट आई थी।

हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके पर एकत्र हुए। ग्रामीणों ने उन्हें बड़ी मशक्कत से चारपाई पर बैठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से तुरंत मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन ले जाया जाने लगा, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

श्यामा देवी अपने पीछे पति और 4 बेटियों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गई हैं। वह लंबे समय से क्षेत्र में बतौर आशा वर्कर अपनी सेवाएं दे रही थीं।

पड़दूनी पंचायत के देशराज ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि श्यामा देवी के निधन से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। दिवंगत आत्मा का अंतिम संस्कार कल उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।