सिरमौर: बर्मा पापड़ी पुल एक साल पहले जहाँ बड़े भाई की मौत हुई; ठीक वहीं बुझ गया घर का आखिरी चिराग!

नाहन : जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र काला आम्ब के तहत आने वाले बर्मा पापड़ी इलाके से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है जिसे सुनकर हर किसी की आँखें नम हैं। यहाँ पुल पर 26 वर्षीय युवक राम लाल की पुल से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक ऐसा खौफनाक और क्रूर संयोग है जिसने माता-पिता की पूरी दुनिया ही उजाड़ कर रख दी। दरअसल, इस बुजुर्ग माता-पिता के केवल दो ही बेटे थे और दोनों ही बेटों की मौत इसी बर्मा पुल पर महज 100 मीटर के दायरे में पुल से नीचे गिरने के कारण हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक राम लाल के पिता प्रीतम सिंह बुजुर्ग हैं और शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं (उन्हें एक आंख से दिखाई नहीं देता है)। घर के हालात बेहद तंग थे और राम लाल ही अपने बुजुर्ग पिता का एकमात्र सहारा था। वह स्थानीय स्तर पर तीन टायरों वाली रेहड़ी चलाकर मेहनत-मजदूरी करता था और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।

हादसे के वक्त राम लाल की तीन टायरों वाली रेहड़ी ऊपर पुल पर ही खड़ी रह गई, जबकि वह खुद नीचे मौत की आगोश में समा गया। पुल से गिरने के कारण राम लाल के सिर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद घायल राम लाल को इलाज के लिए पास के ही एक स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे तुरंत डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद बर्मा पापड़ी क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ समय पहले इसी पुल से गिरकर रामलाल के भाई की भी मौत हुई थी और अब दूसरे बेटे की जान भी इसी पुल ने ले ली। दो जवान बेटों को खोने के बाद दिव्यांग पिता और माता का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय जनता ने प्रशासन से इस खतरनाक हो चुके पुल पर सुरक्षा रेलिंग या पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने इस हादसे के संबंध में केस दर्ज कर लिया है और मामले में आगामी गहन जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।