सिरमौर: बिरला में 48 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित तहसील ददाहू की ग्राम पंचायत बिरला के गांव स्वाडा नदासी में एक 48 वर्षीय व्यक्ति द्वारा पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या करने का दुखद मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सुखदेव पुत्र स्व. माता राम, निवासी गांव स्वाडा नदासी (डाकघर बिरला, तहसील ददाहू) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह की है। परिजनों ने बताया कि सुखदेव बिना किसी को बताए घर से अचानक कहीं चला गया था। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, तो घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर उसका शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला।

घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति की पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की बहन के बयान दर्ज किए। उन्होंने बताया कि सुखदेव सुबह बिना किसी को बताए घर से निकला था और बाद में उसका शव पेड़ से लटका पाया गया।

ASP सिरमौर नरेंदर कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ददाहू भेज दिया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और आगामी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।