नाहन : जिला सिरमौर में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसआईयू नाहन की पुलिस टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 6.61 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक आरोपी को धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी क्षेत्र में लंबे समय से नशीले पदार्थों की सप्लाई में संलिप्त बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसआईयू नाहन की टीम जब पुरुवाला पुल के समीप गश्त पर मौजूद थी, तो उन्हें पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि मिश्रवाला निवासी अफजल उर्फ संजय काफी समय से माजरा, पॉंवटा साहिब और आसपास के इलाकों में चिट्टा बेचने का धंधा करता है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी अपनी मोटरसाइकिल में नशीला पदार्थ छिपाकर पुरुवाला की तरफ आ रहा है और यदि तुरंत घेराबंदी की जाए तो उसे रंगे हाथों पकड़ा जा सकता है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए पुरुवाला के पास नाकेबंदी की और संदेहास्पद मोटरसाइकिल को रोककर उसकी गहनता से तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक से 6.61 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी अफजल उर्फ संजय को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि वह यह खेप कहां से लाया था और किन-किन लोगों को सप्लाई करने जा रहा था।