सिरमौर में रफ्तार का कहर: 30 साल के युवक की सड़क हादसे में मौत; दो घायल

नाहन : राष्ट्रीय राजमार्ग-707 (पांवटा साहिब-सतौन मार्ग) पर खतैण्ड़ पुल के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ एक मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट से टकराने के कारण एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला पुलिस थाना पुरुवाला में विरेन्द्र सिंह तोमर (पुत्र मदन सिंह, निवासी गांव व डाकघर सतौन, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर) के बयानों के आधार पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता विरेन्द्र सिंह तोमर ने पुलिस को बताया कि जब वह पांवटा साहिब से सतौन की तरफ जा रहे थे, तो राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर खतैण्ड़ पुल से थोड़ा आगे मोड़ पर एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ी थी।

हादसे का शिकार हुई मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे, जिनकी पहचान कृष्ण (पुत्र देवी चंद, निवासी गोरखुवाला, उम्र 30 वर्ष), तेजपाल (पुत्र राम लाल) और रणदीप (पुत्र करमा, दोनों निवासी खोडोवाला) के रूप में हुई है। शिकायत के अनुसार, मोटरसाइकिल चालक कृष्ण अपनी बाइक को बहुत तेज गति व लापरवाही से चला रहा था, जिसके कारण एक तीखे मोड़ पर उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बाइक सड़क किनारे बने पैराफिट से बेहद जोर से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए मोटरसाइकिल चालक कृष्ण (30) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले के पुस्टि करते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुरुवाला पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।