नाहन : अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसते हुए पुलिस थाना संगड़ाह की टीम ने हरिपुरधार क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक रिहाइशी मकान में दबिश देकर वहां से अवैध देशी शराब की कुल 11 पेटियां बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज जब पुलिस थाना संगड़ाह की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बलवीर पुत्र देवी राम, निवासी गांव व डाकघर हरिपुरधार, तहसील संगड़ाह (जिला सिरमौर) अपने रिहाइशी मकान में अवैध रूप से शराब बेचने का धंधा करता है। सूचना पुख्ता थी कि यदि तुरंत उसके मकान की तलाशी ली जाए, तो वहां से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हो सकती है।

गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार आरोपी बलवीर के रिहाइशी मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने मकान के भीतर छिपाकर रखी गई देशी शराब की कुल 11 पेटियां बरामद कीं।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने बरामद शराब की खेप को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी बलवीर के खिलाफ पुलिस थाना संगड़ाह में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम (Excise Act) की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी।