सोलन की सुमेहा ने जीता, मिसेज इंटेलिजेंस इंडिया-2026 का खिताब

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सोलन की सुमेहा पलाटिया ने मिसेज इंटेलिजेंस इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम कर सोलन व प्रदेश का नाम रोशन किया है। सुमेहा ने नई दिल्ली में आयोजित मिसेज इंडिया क्वीन ऑफ सब्स्टेंस के 15वें सीजन यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया है। देशभर से आई 27 प्रतिभागियों के बीच सुमेहा ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और प्रभावशाली व्यक्तित्व के दम पर सभी को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उनकी शानदार प्रस्तुति ने जजों और दर्शकों दोनों को प्रभावित किया।

टैलेंट राउंड में दिखाया हुनर
प्रतियोगिता के टैलेंट राउंड में सुमेहा ने शास्त्रीय नृत्य (कथक) और गायन का बेहतरीन प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुति को विशेष सराहना मिली, खासकर प्रसिद्ध अभिनेता कुनाल कपूर ने उनकी प्रतिभा की खुलकर प्रशंसा की। इस प्रतियोगिता का मूल्यांकन एक अनुभवी और प्रतिष्ठित जूरी पैनल ने किया। इसमें प्रसिद्ध अभिनेता कुनाल कपूर के साथ-साथ पैमी कौल और अभिनेत्री महिमा चौधरी ने उनकी प्रतिभा की खुलकर प्रशंसा की। जजों ने प्रतिभागियों का आकलन उनके आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता के आधार पर किया।

बहुमुखी प्रतिभा की धनी है सुमेहा
सुमेहा की प्रारंभिक शिक्षा तारा हाल शिमला से हुई। बाद में सुमेहा ने एनआईटी कुरूक्षेत्र से सिविल इंजीनियरिंग की। इसके बाद उन्हें एसजेवीएन में नौकरी मिल गई। उन्होंने आईआईएम रांची से एमबीए की। वह क्लीसीकल डांस (कथक)और आकाशवाणी शिमला की ग्रेडिड कलाकार भी है। लेखक और मोटीवेशनल स्पीकर है। वर्ष-2025 में उनका काव्य संग्रह- अंतरगाथा भी प्रकाशित हो चुका है।

सोलन निवासी सुमेहा पटालिया की सास बिंदू पलाटिया व ससुर पवन पलाटिया, जेठ-जेठानी डॉ. संकेत पलाटिया और डॉ. अदिति ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई है। सुमेहा शिमला में पब्लिक सेक्टर की एक कंपनी में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत है, जबकि उनके पति नितांश पटालिया दिल्ली में एक कंपनी के वाइस प्रेजिडेंट के पद पर कार्यरत हैं। उनकी एक बेटी अंशधा है।

महिलाओं के लिए प्रेरणा बनी सुमेहा
सुमेहा की यह उपलब्धि न केवल उनकी कड़ी मेहनत और लग्न का परिणाम है, बल्कि यह आधुनिक भारतीय नारी के आत्मविश्वास और सशक्त व्यक्तित्व का प्रतीक भी है। उनकी सफलता ने हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है और देशभर की महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।