सोलन के कुमारहट्टी में 60 बोतल अवैध देसी शराब के साथ बुजुर्ग गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के तहत आते कुमारहट्टी चौक पर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर एक गाड़ी से 60 बोतल अवैध देसी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने 73 वर्षीय एक बुजुर्ग को हिरासत में लिया है, जिसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस थाना धर्मपुर की टीम जब इलाके में गश्त पर थी, तो उन्हें पुख्ता जानकारी मिली कि हेत राम नाम का व्यक्ति अपनी गाड़ी में अवैध शराब ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और कुमारहट्टी चौक पर नाका लगा दिया। शक के आधार पर जब बताई गई गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से ‘पैराडाइज संतरा’ मार्का की 60 बोतलें देसी शराब बरामद हुईं।

गाड़ी चला रहा व्यक्ति शराब को ले जाने से जुड़ा कोई भी वैध लाइसेंस या परमिट पुलिस के सामने पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब और गाड़ी को कब्जे में लेकर धर्मपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान 73 वर्षीय हेत राम पुत्र नंदिया राम के रूप में हुई है, जो सोलन जिले की तहसील के गांव छोबल डाकखाना कोरों का रहने वाला है। मामले की जांच के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की गई । पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और मामले की तफ्तीश जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।