सोलन: जिला सोलन के धर्मपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रतिष्ठित डगशाई पब्लिक स्कूल में रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित छात्रों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पांच सीनियर छात्रों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

यह मामला एच.पी. एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस प्रोहिबिशन ऑफ रैगिंग एक्ट, 2009 की धारा 3(2) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 351(2)(3), 352, 126(2) व 3(5) के तहत पुलिस थाना धर्मपुर में दर्ज किया गया है।
हॉस्टल से खींचकर की मारपीट और हथियार रखने का आरोप
तलविंदर मानेश व अन्य द्वारा दी गई संयुक्त शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, 05 सितंबर 2026 को डगशाई पब्लिक स्कूल के पांच सीनियर छात्रों ने नौवीं कक्षा के एक छात्र को उसके हॉस्टल के कमरे से जबरन खींचा और उसके साथ मारपीट की।
आरोप है कि ये सीनियर छात्र पिछले चार महीनों से जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग, डराने-धमकाने, शारीरिक मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी छात्र अपने पास हथियार भी रखते थे, जिससे पूरी शिक्षण संस्था में डर का माहौल है। इस घटना के बाद से हॉस्टल के छात्र काफी डरे हुए हैं और गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं।
पुलिस जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। इस मामले की जांच पुलिस पोस्ट दगशाई के प्रभारी एसआई राजेश कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस घटना में और कौन-कौन शामिल था और रैगिंग का यह सिलसिला कब से और किस स्तर पर चल रहा था।