सोलन के मनुज वालिया ‘कौन कौन है?’ फिल्म के मुख्य किरदार में आएंगे नजर

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के उभरते हुए अभिनेता मनुज वालिया अब बड़े पर्दे पर अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। उनकी मुख्य भूमिका वाली हिंदी फीचर फिल्म ‘कौन कौन है?’ बुधवार यानी 27 मई को प्रसिद्ध ओटीटी प्लेटफॉर्म हंगामा पर रिलीज होने जा रही है। इस सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म की पूरी कहानी मनुज वालिया के किरदार के इर्द-गिर्द ही बुनी गई है।

इस फिल्म में मनुज वालिया को फिल्म जगत के कई मंझे हुए और जाने-माने कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा करने का मौका मिला है। फिल्म में सीमा बिस्वास, गोपाल दत्त, श्रुति उल्फत, मनीषा बधावा, राजेंद्र चावला और रोबिन दास जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की भव्यता को पर्दे पर उतारने के लिए इसकी शूटिंग कश्मीर, दिल्ली, गोवा और मुंबई की खूबसूरत व चुनिंदा लोकेशंस पर की गई है।

मनुज वालिया मनोरंजन की दुनिया के लिए कोई नया चेहरा नहीं हैं। इससे पहले वे कई सुपरहिट टीवी धारावाहिकों और क्राइम शोज में अपनी दमदार अदाकारी का लोहा मनवा चुके हैं। टीवी सीरियल्स के अलावा मनुज कई बड़े विज्ञापनों का चेहरा रहे हैं और स्वास्थ्य मंत्रालय के ‘रोटा वायरस जागरूकता अभियान’ में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं।

मीडिया से बातचीत के दौरान मनुज वालिया ने अपने भविष्य के प्रोजेक्ट्स को लेकर भी बड़ी जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनकी एक और आगामी फिल्म ‘खूंटा’ का प्रदर्शन दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित कान्स फिल्म फेस्टिवल में होने जा रहा है, जो उनके करियर का एक बड़ा पड़ाव है।

इसके साथ ही मनुज ने अपनी माटी का कर्ज चुकाने के लिए हिमाचल प्रदेश की स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने राज्य के बच्चों को तराशने का काम शुरू कर दिया है और आने वाले समय में सोलन सहित हिमाचल के कई होनहार बच्चे बड़े बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स के जरिए बड़े पर्दे पर कदम रखेंगे। उन्होंने दर्शकों और प्रदेशवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे 27 मई से हंगामा ओटीटी पर आ रही उनकी फिल्म ‘कौन कौन है?’ को जरूर देखें और अपना प्यार व समर्थन दें।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।