सोलन कॉलेज में CSCA की नई कार्यकारिणी का गठन, गौरव अध्यक्ष और मुस्कान बनीं उपाध्यक्ष

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालय केंद्रीय छात्र परिषद (CSCA) का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

शैक्षणिक उत्कृष्टता और मेरिट के आधार पर चुनी गई इस नई कार्यकारिणी में बी.एससी. तृतीय वर्ष के गौरव को अध्यक्ष, बी.ए. तृतीय वर्ष की मुस्कान चौहान को उपाध्यक्ष, बी.एससी. द्वितीय वर्ष की दिया राणा को महासचिव तथा बी.ए. प्रथम वर्ष की रुचिका को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

समारोह के दौरान प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बधाई दी और कहा कि नेतृत्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारियाँ भी आती हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आपसी सहयोग, अनुशासन और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए महाविद्यालय को प्रगति के नए शिखरों तक पहुँचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस गरिमामय समारोह में बी.ए., बी.एससी., बी.कॉम., बी.सी.ए., बी.बी.ए., बी.वॉक., पीजीडीसीए तथा एम.ए. (अंग्रेजी व अर्थशास्त्र) सहित विभिन्न कक्षाओं और विभागों के प्रतिनिधियों को भी शपथ दिलाई गई। इसके अतिरिक्त, एनसीसी (NCC), एनएसएस (NSS), खेलकूद, रेंजर एवं रोवर, सांस्कृतिक गतिविधियों, इको क्लब तथा इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के मनोनीत सदस्यों को महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों डॉ. रेनू बाला, डॉ. योगेश जैन, डॉ. जगदीश चंद्र, डॉ. बी.एन. कमल, डॉ. दीपक गुप्ता एवं डॉ. अनिल ठाकुर द्वारा पद की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. एन.आर. कश्यप द्वारा किया गया। समारोह के अंत में सीएसएसी समिति की समन्वयक प्रोफेसर निवेदिता पाठक ने प्राचार्या, सभी प्राध्यापकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों और विद्यार्थियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।