सोलन पत्रकार संघ ने नेचर ट्रीट की पहाड़ी पर रोपे 50 से अधिक फलदार पौधे

Photo of author

By Hills Post

सोलन: पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देते हुए जिला सोलन पत्रकार संघ ने शनिवार को शहर से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित नेचर ट्रीट की पहाड़ी पर एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। इस दौरान संघ से जुड़े पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पहाड़ी क्षेत्र में 50 से अधिक फलदार व अन्य प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके नियमित संरक्षण का संकल्प भी लिया।

दोपहर करीब 12 बजे पत्रकार संघ के सदस्य नेचर ट्रीट पहुंचे और एकजुट होकर अनार, खड़क, आंवला जैसी विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। पूरे कार्यक्रम के दौरान बढ़ते प्रदूषण व जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों पर गहन चर्चा की गई।

इस अवसर पर वन विभाग के बीट गार्ड अनिल जस्टा विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने पौधारोपण में पत्रकारों का सहयोग किया और इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए पौधों की उचित देखभाल व संरक्षण के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।

पत्रकार संघ के प्रधान पुनीत वर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रेंजर ऑफिसर धर्मपुर नीलम ठाकुर और वन विभाग की टीम का विशेष आभार व्यक्त किया।

पत्रकार संघ के अध्यक्ष पुनीत वर्मा ने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज उठाने के साथ-साथ अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हैं। दैनिक कार्यप्रणाली में व्यस्त रहने के बावजूद पर्यावरण के लिए समय निकालना आज के दौर की सबसे बड़ी जरूरत है।

उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाकर जिम्मेदारी खत्म नहीं हो जाती, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। पत्रकार संघ समय-समय पर इस स्थल का दौरा कर लगाए गए पौधों की स्थिति का जायजा लेगा ताकि वे सही ढंग से फल-फूल सकें। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि आज पर्यावरण के प्रति गंभीर कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना बेहद कठिन हो जाएगा।

यह पत्रकार रहे मौजूद…
पवन ठाकुर, रीता ठाकुर, मोहन चौहान, अमित चोपड़ा, अमर प्रीत पुंज, अशोक वर्धन, वेद आर्या, हेमंत अत्रि, कविराज चौहान, कमलेश कुमार, विवेक भारती, तोमर ठाकुर, दीप कुमार, सतीश दीपटा, सुनील कुमार, करण ठाकुर, राजेश राज
मौजूद रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।