सोलन में LIC की खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न

Photo of author

By Hills Post

सोलन: भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) शिमला मंडल की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता सोलन के पुलिस लाइन ग्राउंड में बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हो गई। इस खेलकूद प्रतियोगिता में अलग-अलग शाखाओं के एलआईसी कर्मचारियों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया और मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।

प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि और प्रबंधक (कार्मिक) सुशीला नेगी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद सिर्फ शारीरिक तंदुरुस्ती के लिए ही जरूरी नहीं हैं, बल्कि ये हमारे भीतर टीम भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास भी पैदा करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की पीठ थपथपाते हुए भविष्य में भी इसी तरह आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

इस मौके पर आयोजन को सफल बनाने में खेलकूद समिति के सचिव रूप लाल, तकनीकी सलाहकार प्रेम दास, धर्मपाल शर्मा, लीला दत्त, दीपक गुप्ता और तारादत्त शर्मा का खास योगदान रहा।

प्रतियोगिता के दौरान ट्रैक और फील्ड के कई कड़े मुकाबले देखने को मिले। 5,000 मीटर दौड़ में गुरनाम सिंह पहले और जसप्रीत सिंह दूसरे स्थान पर रहे। वहीं 800 मीटर की दौड़ में धर्मिन्द्र ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अनिल पांटा दूसरे स्थान पर रहे। 400 मीटर और 200 मीटर दौड़ में जसप्रीत ने प्रथम तथा रजत सकलानी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही 100 मीटर की तेज दौड़ में मंडी शाखा के विनीत ने पहला, बिलासपुर के अमित ने दूसरा और नालागढ़ शाखा के सचिन ने तीसरा स्थान हासिल किया।

कूद प्रतियोगिताओं की बात करें तो लंबी कूद में आशुतोष पहले और विनीत दूसरे नंबर पर रहे। तिहरी कूद में गुरनाम ने पहला और हेम पुष्प ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। फील्ड इवेंट्स में भी खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन जारी रहा, जहां गोला फेंक प्रतियोगिता में बिलासपुर के गौरव शर्मा प्रथम, धर्मिन्द्र द्वितीय और पुष्कर तृतीय रहे। भाला फेंक में पावंटा साहिब के अनिल ने पहला, बिलासपुर के पंकज ने दूसरा तथा शिमला-1 के पुष्कर ने तीसरा स्थान पाया। इसके अलावा छक्का फेंक मुकाबले में पंकज और आशुतोष ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।