सोलन: जिला सोलन बैडमिंटन संघ की ओर से ठोडो बैडमिंटन हॉल में अंडर-11 और अंडर-13 लड़के और लड़कियां आयु वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में सोलन जिले के करीब 120 युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाया। सभी आयु वर्गों में खिलाड़ियों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले में बैडमिंटन को बढ़ावा देना और उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए एक मंच उपलब्ध कराना था। प्रतियोगिता के अंत में जिला सोलन बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष राजेश कश्यप और सचिव योगेश चौहान ने सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंडर-11 वर्ग की लड़कियों के एकल (सिंगल्स) मुकाबलों में स्वधा ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि पलवी उपविजेता रहीं। वहीं, लड़कियों के युगल (डबल्स) मुकाबलों में स्वधा और युविका की जोड़ी ने जीत दर्ज की और जनिशा तथा पलवी उपविजेता रहीं।
अंडर-11 वर्ग के लड़कों के एकल मुकाबलों में रुद्रांश विजेता और अयांश उपविजेता बने। लड़कों के युगल मुकाबलों में वेद और अंशुल की जोड़ी ने बाजी मारी, जबकि रेयांश और विराज को उपविजेता स्थान मिला।
अंडर-13 वर्ग के लड़कों के एकल मुकाबलों में काव्यांश ने पहला, मृदुल पंडित ने दूसरा, सुमित ने तीसरा और प्रभाव ने चौथा स्थान हासिल किया। लड़कों के युगल मुकाबलों में मृदुल पंडित और अद्वित भाटी की जोड़ी विजेता रही, जबकि दर्श जैन और काव्यांश उपविजेता रहे।
अंडर-13 वर्ग की लड़कियों के एकल मुकाबलों में आराध्या जाखड़ ने पहला, स्वधा सिंह रावत ने दूसरा, इजल बंसल ने तीसरा और नैस्या ने चौथा स्थान हासिल किया। लड़कियों के युगल मुकाबलों में आराध्या जाखड़ और स्वधा सिंह रावत की जोड़ी विजेता बनी, जबकि हर्षिता और नैन्सी की जोड़ी उपविजेता रही।