सोलन में कार सवार युवक से 8.72 ग्राम चिट्टा बरामद, ऑल्टो गाड़ी जब्त

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8.72 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर परवाणू क्षेत्र के दत्यार के समीप की।

पुलिस के अनुसार, एसआईयू टीम को सूचना मिली थी कि दत्यार के पास एक ऑल्टो कार में सवार युवक के पास नशीला पदार्थ है। इस पर टीम ने मौके पर दबिश दी और गाड़ी में बैठे युवक की तलाशी ली, जिसके कब्जे से 8.72 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवीन कुमार (37) पुत्र स्वर्गीय हरी सिंह निवासी गांव क्यारड, डाकघर भराड़ीघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में हुई है।

पुलिस टीम ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर पुलिस थाना परवाणू में मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की गई ऑल्टो गाड़ी को भी पुलिस ने जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को अदालत में पेश किया गया है। इसके साथ ही उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है और मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed