सोलन में भारत विकास परिषद की प्रांतीय कार्यशाला सम्पन्न

Photo of author

By Hills Post

सोलन: भारत विकास परिषद, हिमाचल प्रदेश (पूर्व) द्वारा आयोजित एक दिवसीय प्रांतीय कार्यशाला रविवार, 7 जून 2026 को होटल शगुन पैलेस, जटोली (सोलन) में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। कार्यशाला में प्रदेश की विभिन्न शाखाओं से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा संगठन के सुदृढ़ीकरण एवं भावी कार्ययोजनाओं पर व्यापक मंथन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। इसके उपरांत प्रांतीय अध्यक्ष कर्नल अरुण कैंथला ने उपस्थित प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए परिषद की गतिविधियों एवं भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

क्षेत्रीय संगठन सचिव उत्तर क्षेत्र-1 सुनील कुमार जैन ने भारत विकास परिषद की विचारधारा, संगठनात्मक मूल्यों एवं कार्यशाला के उद्देश्यों तथा नियम एवं प्रोटोकॉल पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यशाला के विभिन्न तकनीकी एवं संवादात्मक सत्रों में परिषद के नियम एवं प्रोटोकॉल, सेवा, संस्कार, संपर्क, महिला सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण, वित्तीय प्रबंधन, ट्रस्ट एवं सोसायटी संचालन, शाखा कार्यशालाओं तथा सदस्यता विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। मंच संचलन दीप कुमार आर्य तथा डॉ. रामगोपाल शर्मा ने किया और धन्यवाद सोलन शाखा के अध्यक्ष डॉ. मुकेश प्रभाकर ने किया।

वक्ताओं ने संगठन को अधिक प्रभावी एवं समाजोपयोगी बनाने के लिए अनेक व्यावहारिक सुझाव भी प्रस्तुत किए। दोपहर उपरांत आयोजित समूह चर्चा सत्रों में संगठनात्मक विकास, सेवा गतिविधियों के विस्तार तथा वित्तीय सुदृढ़ता से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा विभिन्न शाखाओं में संचालित श्रेष्ठ कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।

समापन सत्र में प्रांतीय अध्यक्ष कर्नल अरुण कैंथला ने कार्यवाही का सार प्रस्तुत करते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
क्षेत्रीय संगठन सचिव उत्तर क्षेत्र-1 सुनील कुमार जैन ने भारत विकास परिषद एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने परिषद के आगामी कार्यक्रमों एवं लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यशाला के दौरान यह संकल्प लिया गया कि भारत विकास परिषद की सेवा, संस्कार, संपर्क, सहयोग एवं समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुँचाते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण हेतु गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा।

ये रहे उपस्थित:

डॉ. सत्य व्रत भारद्वाज -प्रांतीय संरक्षक, दीप कुमार आर्य-प्रांतीय सचिव, डॉ. राम गोपाल शर्मा – प्रांतीय संगठन मंत्री विभिन्न गतिविधियों के संयोजक डॉ. मंजू धीमान, लायक राम भारद्वाज, नीरज गुप्ता, नरेंद्र खट्टर, दिनेश गोयल, डॉ. मुकेश प्रभाकर, हरीश कुमार शर्मा, अन्नपूर्णा मामगाई, दीपांजली शर्मा, पावंटा साहिब, नाहन, बद्दी सोलन तथा परवाणू शाखा के अपेक्षित सदस्य उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।