सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन के विद्यार्थियों ने हमीरपुर में आयोजित अंतर-महाविद्यालय ग्रुप-2 संगीत युवा उत्सव में बेहतरीन प्रदर्शन कर कॉलेज का नाम रोशन किया है। 13 से 17 अक्टूबर तक चले इस युवा उत्सव में प्रदेशभर के 40 महाविद्यालयों ने हिस्सा लिया था, जिसमें सोलन कॉलेज के विद्यार्थियों ने 6 विभिन्न विधाओं में अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए कुल 4 पुरस्कार अपने नाम किए।

बीए तृतीय वर्ष की छात्रा नीलाक्षी बंसल ने इस प्रतियोगिता में शानदार सफलता हासिल करते हुए सुगम संगीत (ग़ज़ल गायन) में प्रथम पुरस्कार और शास्त्रीय संगीत (एकल गायन) में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। इसके अलावा, महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भारतीय समूह गान और पाश्चात्य समूह गान दोनों विधाओं में भी द्वितीय पुरस्कार हासिल किया।
प्राचार्य ने दी बधाई
विद्यार्थियों की इस बड़ी उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने बेहद खुशी जताई है। उन्होंने सभी विजेता विद्यार्थियों और उनके गुरुओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों को इसी लगन और नियमित रियाज़ के साथ आगे भी बेहतरीन प्रदर्शन करते रहने के लिए प्रेरित किया।