नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना संगड़ाह के अंतर्गत पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए आज 4.74 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, संगड़ाह थाने की पुलिस टीम क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त पर तैनात थी। गश्त के दौरान जब पुलिस टीम हैलीपैड हरिपुरधार के पास मौजूद थी, तो उन्हें एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि एक युवक हरिपुरधार और उसके आसपास के इलाकों में अवैध रूप से चिट्टा/हेरोइन बेचने का काम कर रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 4.74 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान साहिल शर्मा, निवासी गांव लोहाणधार, डाकघर मझौली, तहसील कुपवी, जिला शिमला के रूप में की गई है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके विरुद्ध पुलिस थाना संगड़ाह में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि आरोपी इस अवैध नशे की खेप को कहाँ से लेकर आया था और इस तस्करी के नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।