नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में हिमाचल-उत्तराखंड सीमा के पास एक भयानक सड़क हादसे में तीन युवकों की अकाल मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा पांवटा साहिब थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अंतर-राज्यीय गोविंदघाट बैरियर के पास स्थित यमुना पुल पर देर रात पेश आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांवटा साहिब की ओर आ रही एक क्रेटा कार यमुना पुल पर अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे डंपर से पीछे से जोरदार जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।

हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत की मदद से कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला और तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतकों की पहचान कर ली गई है। इनमें से एक हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित शिलाई के निवासी अतर सिंह का 32 वर्षीय बेटा तरसेम नेगी है। वहीं, दूसरे मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित भोपा रोड (शांति नगर) निवासी महाकर सिंह के 37 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। तीसरे मृतक ग्रेटर नोएडा के नगला हुकम सिंह निवासी वेदपाल सिंह के बेटे सोनू हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि गोविंदघाट बैरियर के पास यमुना पुल पर यह सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 3 लोगों की जान गई है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है।