हिमाचल के सरकारी अस्पतालों में अब सातों दिन होगी रोबोटिक सर्जरी, CM के निर्देश

Photo of author

By Hills Post

शिमला: हिमाचल प्रदेश के सरकारी चिकित्सा संस्थानों में अब मरीजों को सप्ताह के सातों दिन रोबोटिक सर्जरी की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य विभाग को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए। बैठक में मुख्यमंत्री ने मात्र 15 महीनों के अल्प समय में 1,100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी करने की उपलब्धि पर चिकित्सकों की टीम की सराहना की और उन्हें बधाई दी।

इन चार चिकित्सा महाविद्यालयों में मिल रही है सुविधा

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के चार प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में रोबोटिक तकनीक की मदद से कोलन सर्जरी, प्रोस्टेट कैंसर सर्जरी और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा रही हैं। इनमें अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाणा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक और इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला शामिल हैं।

ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि इन संस्थानों में यह अत्याधुनिक सुविधा एम्स दिल्ली की तुलना में काफी कम दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने चिकित्सकों द्वारा नई तकनीक को तेजी से अपनाने और बेहतर परिणाम देने की प्रशंसा करते हुए युवा डॉक्टरों को भी रोबोटिक सर्जरी में दक्ष बनाने के लिए प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।

अस्पताल में रुकने का समय 75 प्रतिशत तक घटा

रोबोटिक सर्जरी के फायदों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तकनीक से मरीजों के अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि ओपन सर्जरी की तुलना में 50 से 75 प्रतिशत तक कम हो गई है। इसमें शल्य चीरा बहुत छोटा लगाया जाता है और रक्तस्राव भी न्यूनतम होता है, जिससे मरीजों को जल्द स्वस्थ होने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल के मरीजों को उन्नत सर्जरी के लिए बाहरी राज्यों में जाने की आवश्यकता नहीं है।

अन्य कॉलेजों में विस्तार की तैयारी, मांगी लंबित ऑपरेशनों की रिपोर्ट

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इस सुविधा का विस्तार राज्य के अन्य चिकित्सा महाविद्यालयों में भी करने पर विचार कर रही है, ताकि लोगों को घर के नजदीक ही आधुनिक इलाज मिल सके। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में अब तक 41 सर्जन और 34 केयर टीम सदस्यों (नर्सें, ऑपरेशन थिएटर सहायक और अन्य सहयोगी कर्मचारी) को इसके लिए प्रशिक्षित किया जा चुका है। इसके साथ ही उन्होंने सभी चिकित्सा महाविद्यालयों से लंबित ऑपरेशनों की रिपोर्ट भी तलब की है।

इस समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी मंडी के कुलपति डॉ. डी.के. वर्मा, स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार और निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. गोपाल बेरी मौजूद रहे। वहीं, विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed