सोलन: पुलिस की पी.ओ. सेल टीम को भगौड़े अपराधियों की धरपकड़ अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने 8 साल पुराने एक लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी जतिन नेगी उर्फ जितेंदर (29) को शिमला जिले के खोलीघाट इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जतिन, जो ननखड़ी तहसील के जाहू गांव का रहने वाला है, गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था।
क्या था मामला?
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जतिन नेगी ने 25 जनवरी 2018 को अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर कंडाघाट स्थित एक शराब के ठेके पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था, जहां से 62,000 रुपये लूटे गए थे। इस मामले में कंडाघाट थाने में धारा 392, 457 और 34 आईपीसी के तहत मुकदमा (03/2018) दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने जतिन और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन बाद में वे जमानत पर छूट गए थे।

बार-बार बुलाने पर भी कोर्ट में नहीं हुआ पेश, घोषित हुआ भगौड़ा
पुलिस ने जांच पूरी कर आरोपपत्र न्यायालय में पेश कर दिया था। सुनवाई के दौरान अदालत ने जतिन को कई बार पेश होने के आदेश दिए, लेकिन वह लगातार गैर-हाजिर रहा। अंततः 27 अगस्त 2026 को माननीय न्यायालय ने उसे भगौड़ा घोषित कर दिया।
सोलन जेल भेजा गया
इसके बाद से सोलन पुलिस की पी.ओ. सेल टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। आखिरकार गुप्त सूचना और कड़ी निगरानी के आधार पर उसे शिमला से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में सोलन जिला जेल भेज दिया गया है।