सोलन: कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनावरा के प्रांगण में मंगलवार को नवनियुक्त छात्र परिषद के लिए अलंकरण समारोह का आयोजन बेहद हर्षोल्लास और अनुशासन के साथ किया गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें विद्यालय के प्रति उनके उत्तरदायित्वों का बोध कराना रहा।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के लिए मॉनिटर, डिप्टी मॉनिटर, डॉर्म कैप्टन और डिप्टी डॉर्म कैप्टन का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को उनके पद के अनुरूप बैज अलंकृत किए गए और आधिकारिक तौर पर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
समारोह में कक्षा बारहवीं के अमरीक चौधरी को विद्यालय का हेड बॉय और दीपाक्षी को हेड गर्ल नियुक्त किया गया। खेल के क्षेत्र में नेतृत्व के लिए कक्षा बारहवीं से वीरेन गुलिया और तन्वी ठाकुर को क्रमशः छात्र और छात्रा वर्ग का स्पोर्ट्स कप्तान चुना गया। इसके अतिरिक्त, कक्षा बारहवीं के मनसीरत को मल्टी-मीडिया इंचार्ज का दायित्व सौंपा गया।
पदभार ग्रहण करने के बाद सभी नवनियुक्त प्रतिनिधियों ने संबंधित आधिकारिक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। हेड बॉय अमरीक चौधरी ने पूरी छात्र परिषद और विद्यार्थियों को निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलवाई। समारोह का सबसे आकर्षक और प्रेरणादायक क्षण ‘मशाल हस्तांतरण’ रहा, जहाँ जलती हुई मशाल को एक-एक कर सभी नवनियुक्त छात्र प्रतिनिधियों ने आगे बढ़ाया। यह प्रक्रिया नेतृत्व के हस्तांतरण और निरंतर प्रेरणा का प्रतीक बनी।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. संजीव मैनरा और प्रधानाचार्या पूनम ठाकुर ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। प्रबंधन ने अपने संबोधन में कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाना और दूसरों के लिए आदर्श प्रस्तुत करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दायित्वों को पूरी ईमानदारी, लगन और पारदर्शिता के साथ निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षक वर्ग और विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिन्होंने करतल ध्वनि के साथ नई छात्र परिषद का स्वागत किया।