नाहन: मलगांव स्कूल में स्वास्थ्य व सुरक्षा की पाठशाला, छात्रों ने सीखे योग और आपदा से बचाव के गुर

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : राजकीय उच्च विद्यालय मलगांव में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह शिविर आयुष विभाग नाहन, हिमाचल अग्निशामक विभाग नाहन तथा हिमाचल होमगार्ड चतुर्थ वाहिनी नाहन के जवानों के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत योग शिविर से हुई, जिसमें योग प्रशिक्षक वेद मित्र ने विद्यालय के सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया। इसके पश्चात आयुष विभाग नाहन से डॉ. मंजिता रमौल (AMO) एवं सतीश कुमार (APO) द्वारा मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप लगाया गया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों के रक्त की जांच कर उनके ब्लड ग्रुप की जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता और मौसमी बीमारियों से बचाव संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया।

इसी कड़ी में हिमाचल अग्निशामक विभाग नाहन के प्रभारी राजेश कुमार तथा हिमाचल होमगार्ड चतुर्थ वाहिनी के प्रभारी सुरेश ठाकुर ने अपनी टीम के जवानों के साथ मिलकर आपदा प्रबंधन विषय पर विशेष जागरूकता अभियान एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया। टीम ने विद्यार्थियों को आग लगने, भूकंप, बादल फटने, भूस्खलन तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं व दूसरों के बचाव के उपायों का व्यावहारिक (प्रैक्टिकल) प्रदर्शन करके समझाया। इसके अलावा अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, प्राथमिक बचाव तकनीकों तथा आपदा के समय धैर्य व सतर्कता बनाए रखने के गुर सिखाए गए।

विद्यालय के कार्यवाहक मुख्याध्यापक संदीप कुमार ने सभी विभागों से आई टीमों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य जागरूकता और आपदा प्रबंधन कौशल को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर, समस्त विद्यालय स्टाफ एवं सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।