कसौली इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष सत्र का आयोजन

Photo of author

By Hills Post

सोलन: कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनवारा में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, जीवन कौशल और शैक्षणिक दक्षता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जालंधर से आए विशेष संसाधन व्यक्तियों द्वारा विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियों, संवादात्मक सत्रों और मार्गदर्शन कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सही निर्णय लेने की कला और व्यावहारिक जीवन कौशल को विकसित करना तथा उन्हें भविष्य की हर चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार करना है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और सक्षम व्यक्तित्व के रूप में विकसित करना है। ऐसे विशेष कार्यक्रम विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को बाहर लाने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी ज्ञान के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व, संचार कौशल, आत्मविश्वास और जीवन कौशल का विकास भी उतना ही आवश्यक है। यह अभियान हमारे विद्यार्थियों को कुछ नया सीखने और स्वयं को और बेहतर बनाने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान कर रहा है।

वहीं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. संजीव मैनरा ने कहा कि हमारा निरंतर प्रयास यही है कि प्रत्येक विद्यार्थी अपनी वास्तविक क्षमता को पहचाने और भविष्य के लिए जरूरी कौशल विकसित करे। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में आयोजित यह पहल हमारे विद्यार्थियों को नई सोच, नए अनुभवों और बेहतर संभावनाओं से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।

विद्यालय प्रबंधन ने एल.पी.यू. से पधारे विशेषज्ञ वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए पूर्ण विश्वास जताया कि यह विशेष अभियान विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास में एक सार्थक और दूरगामी योगदान देगा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।