कालाअंब फैक्ट्री में 30 फीट की ऊंचाई से गिरकर कर्मचारी की मौत, कंपनी प्रबंधन पर FIR दर्ज

नाहन : पुलिस थाना कालाअंब के अंतर्गत आने वाली एक औद्योगिक इकाई में मेंटेनेंस कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहाँ लगभग 30 फीट की ऊंचाई से गिरकर एक कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कंपनी प्रबंधन की लापरवाही को देखते हुए मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता संदीप कुमार (निवासी दोराहा, जिला लुधियाना, पंजाब), जो ‘एच.एम. स्टील’ कंपनी में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि 26 जुलाई को सीसीएम प्लांट में ओवरहेड लैडल क्रेन पर मेंटेनेंस का काम चल रहा था।

इस दौरान कई अन्य कर्मचारी भी क्रेन पर काम कर रहे थे। सुबह करीब 11:00 बजे काम करते समय कर्मचारी विश्वजीत (निवासी करियाबर, आजमगढ़, उत्तर प्रदेश) अचानक लगभग 30 फीट की ऊंचाई से नीचे आ गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर, नाक और कान में गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद घायल विश्वजीत को उपचार के लिए पास के स्नेह अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह दुर्घटना कंपनी प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों को ऊंचाई पर काम करने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध न करवाने के कारण हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले में नियमानुसार आगामी जांच व कार्रवाई जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।