नाहन : सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक बाल्मीकि चौक पर गत 23 अक्टूबर को हुए हिंसक विवाद, पथराव और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में नाहन पुलिस ने कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित जांच टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त पाए गए दोनों पक्षों के कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बुधवार को नाहन पुलिस ने सभी 11 गिरफ्तार आरोपियों को माननीय अदालत के समक्ष पेश किया। पुलिस की ओर से घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटाने, प्रयुक्त हथियारों/पत्थरों की बरामदगी और विवाद में शामिल अन्य उपद्रवियों की पहचान व पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की गई। अदालत ने मामले की गंभीरता और पुलिस के तर्कों को स्वीकार करते हुए सभी आरोपियों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी कर दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि 23 अक्टूबर की शाम बाल्मीकि चौक पर एक द्वार (गेट) निर्माण/मरम्मत के मुद्दे को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद गहरा गया था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प और भारी पथराव में बदल गया। इस घटना में नाहन सदर थाना प्रभारी (SHO) सहित कई पुलिस कर्मियों और दोनों पक्षों के आम नागरिकों को चोटें आई थीं। इसके अलावा सार्वजनिक और निजी संपत्ति को भी भारी क्षति पहुंची थी तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही बाधित हुई थी।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस प्रशासन एवं सिरमौर पुलिस अधीक्षक (SP) निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि शहर में शांति व सौहार्द बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एहतियात के तौर पर चिह्नित क्षेत्रों में सुरक्षा बल तैनात हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, आपसी भाईचारा बनाए रखें और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचें।