सोलन के शामती बाइपास पर पटाखों के गोदाम में लगी भीषण आग

Photo of author

By Hills Post

सोलन: शहर से सटे शामती बाइपास के पास पटाखों के एक गोदाम में अचानक आग लगने से लाखों रुपये के पटाखे जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस भीषण आग की चपेट में आने से गोदाम के बाहर खड़ी एक मारुति कार भी पूरी तरह जल गई। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में गोदाम में रखे भारी मात्रा में पटाखे जल गए और बाहर खड़ी कार भी खाक हो गई। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि यह पटाखों का गोदाम किसी घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र से बाहर स्थित था और आसपास की ज्यादातर इमारतें भी खाली थीं, जिससे किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आशंका टल गई।

फिलहाल आग लगने के असली कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और न ही नुकसान का कोई आधिकारिक आंकड़ा सामने आया है। समय रहते दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।