कालाअंब में सड़क हादसा, बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में एक युवक की जान गई

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के कालाअंब पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खैरी पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। पुल पर आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के प्रयास में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से जा टकराई। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हरियाणा निवासी बाइक चालक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, कैरवाला (त्रिलोकपुर, तहसील नाहन) निवासी विवेक गोरसी ने बताया कि बीते कल सुबह करीब 10:00 बजे वे अपने निजी काम से मोटरसाइकिल पर खैरी की तरफ जा रहे थे। जब वे खैरी पुल के पास पहुंचे, तो उनके आगे चल रही एक अन्य मोटरसाइकिल के चालक ने पुल पर आगे जा रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश की।

ओवरटेक करने के दौरान बाइक चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाते हुए सीधे ट्रैक्टर की ट्रॉली के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक ने मौके पर ही अपना वाहन रोक दिया।

दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल का नंबर HR85L-3666 पाया गया, जिसकी जांच करने पर चालक की पहचान अमित जैन (पुत्र सुमेर चंद, निवासी गांव लाहड़पुर, तहसील बिलासपुर, जिला यमुनानगर, हरियाणा) के रूप में हुई। दुर्घटना के बाद घायल अमित जैन को उपचार के लिए तुरंत सिविल अस्पताल नारायणगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने घटना की पुस्टि करते हुए बताया कि कालाअंब पुलिस ने चश्मदीद के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की आगामी जांच व कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।