परवाणू में चोरी का भगौड़ा आरोपी कालका से गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश की सोलन पुलिस ने भगौड़े अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और कामयाबी हासिल की है। जिला पुलिस की पी.ओ. सेल ने साल 2022 के एक चोरी के मामले में फरार चल रहे 25 वर्षीय आरोपी को हरियाणा के कालका इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान कालका के रेलवे रोड निवासी करण पेसी पुत्र स्व. संजीव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, करण ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर परवाणू इलाके के एक घर में सेंध लगाई थी और वहां से सोने-चांदी के जेवरात चुराए थे। इस वारदात को लेकर परवाणू थाने में 9 सितंबर 2022 को आईपीसी की धारा 457, 380, 411 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

बार-बार बुलाने पर भी कोर्ट में नहीं हुआ पेश

मामले की शुरुआती जांच में पुलिस ने करण को उसके दो अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन बाद में वे जमानत पर रिहा हो गए। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने चार्जशीट अदालत में पेश कर दिया था। इसके बाद मामले की सुनवाई शुरू हुई, लेकिन अदालत के बार-बार आदेश देने के बावजूद करण कोर्ट में पेश नहीं हुआ।

लगातार गैर-हाजिर रहने पर अदालत ने 26 अक्टूबर 2026 को उसे भगौड़ा अपराधी घोषित कर दिया। इसके बाद से ही सोलन पुलिस की पी.ओ. सेल टीम उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। आखिरकार, गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के बाद टीम ने 1 नवंबर 2026 को उसे कालका से धर दबोचा। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश करने की आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।