किन्नौर कैलाश यात्रा 2026 अगले आदेश तक स्थगित, रास्ते में भारी खतरा

किन्नौर : हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में आयोजित होने वाली प्रसिद्ध ‘किन्नौर कैलाश यात्रा-2026’ को सुरक्षा कारणों से अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। पहले यह यात्रा 1 जुलाई, 2026 से 30 जुलाई, 2026 तक आयोजित होने वाली थी। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जिला प्रशासन ने यह बड़ा फैसला लिया है। उप-मंडलीय मजिस्ट्रेट (कल्पा) और किन्नौर कैलाश यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण कुमार भारद्वाज द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना में श्रद्धालुओं से फिलहाल इस यात्रा पर न आने की अपील की गई है।

यात्रा शुरू करने से पहले मार्ग की सुरक्षा और व्यवहार्यता का जायजा लेने के लिए 21 जून, को वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की देखरेख में एक विशेष रेकी (जांच) टीम भेजी गई थी। इस टीम द्वारा सौंपी गई आधिकारिक मूल्यांकन रिपोर्ट में यात्रा मार्ग पर बेहद संवेदनशील और चिंताजनक हालातों का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में यात्रा मार्ग पर, विशेष रूप से ‘मिलिंग खाता’ से ‘शिवलिंग’ के बीच के हिस्से में बड़े-बड़े ग्लेशियर मौजूद हैं, जो तीर्थयात्रियों के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं।

मौसम में आ रहे बदलाव और बढ़ते तापमान के कारण बर्फ पिघल रही है, जिससे इन ग्लेशियरों के ऊपर और आसपास टिके हुए बड़े-बड़े पत्थर (बोल्डर्स) बेहद अस्थिर हो गए हैं। इसके अलावा, ‘गुफा’ से ‘सोरंग’ के बीच का रास्ता कई जगहों पर भारी चट्टानें गिरने के कारण पूरी तरह बाधित हो चुका है। ये चट्टानें आपस में इस तरह अटकी हुई हैं कि इनसे लगातार भूस्खलन और पत्थर गिरने (रॉकफॉल) का खतरा बना हुआ है। इन्हें तुरंत हटाना मुमकिन नहीं है, क्योंकि इसके लिए विशेष उपकरणों और काफी समय की आवश्यकता होगी।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि तापमान बढ़ने से ये भारी पत्थर कभी भी मुख्य मार्ग पर लुढ़क सकते हैं। विशेष रूप से ‘मिलिंग खाता’ से ‘पवित्र गुफा’ का वह रास्ता, जिसे श्रद्धालु अक्सर रात के समय पार करते हैं, बेहद खतरनाक हो चुका है। ऐसे में श्रद्धालुओं के साथ-साथ रेस्क्यू टीमों की जान को भी गंभीर खतरा है। प्रशासन का कहना है कि जब तक मौसम और हालात पूरी तरह सुधर नहीं जाते और मार्ग को सुरक्षित घोषित नहीं कर दिया जाता, तब तक यात्रा शुरू नहीं की जाएगी। सभी भक्तों से अनुरोध है कि वे अपनी सुरक्षा के हित में फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा करने का प्रयास न करें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।