नाहन: श्री साईं हॉस्पिटल में बाल दिवस पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और बेबी अवार्ड्स आयोजित

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: बाल दिवस के विशेष अवसर पर श्री साईं मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर, नाहन द्वारा 0 से 7 वर्ष तक के बच्चों के लिए एक विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और ‘लिटिल चैंपियंस बेबी अवार्ड्स’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। हॉस्पिटल की नाहन ब्रांच की एडमिनिस्ट्रेशन साधिका जोशी ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर अपने स्वागत संबोधन में साधिका जोशी ने कहा कि श्री साईं हॉस्पिटल के लिए यह गर्व और हर्ष का विषय है कि बाल दिवस पर बच्चों के स्वास्थ्य और उनके उज्ज्वल भविष्य को समर्पित इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ रहना केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने मुख्य अतिथि उपमा धीमान का अपना बहुमूल्य समय निकालकर कार्यक्रम में पहुँचने के लिए आभार व्यक्त किया तथा सभी अभिभावकों का भी धन्यवाद किया।

मुख्य अतिथि उपमा धीमान ने बच्चों के स्वास्थ्य एवं बेहतर भविष्य के लिए उठाई गई इस पहल की भूरी-भरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए उनका स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने इसके लिए श्री साईं हॉस्पिटल प्रबंधन को बधाई दी।

श्री साईं ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर डॉ. दिनेश बेदी ने अपने संदेश में कहा कि बच्चों का स्वस्थ भविष्य ही एक मजबूत समाज की नींव है। जीवन के शुरुआती वर्ष बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इसी उद्देश्य से अस्पताल द्वारा समय-समय पर ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं।

अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुदीप चौधरी ने कहा कि शुरुआती सात वर्ष बच्चों के विकास का सबसे संवेदनशील दौर होता है। इस दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित पोषण, समय पर टीकाकरण और अभिभावकों की सजगता बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों की बेहतर देखभाल के लिए महत्वपूर्ण चिकित्सीय सुझाव भी दिए।

शिविर के दौरान बच्चों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की ग्रोथ, पोषण, टीकाकरण और उनकी देखभाल के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया, जिससे बच्चों और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर डॉ. नफीसा, डॉ. अनिल विष्णोई, डॉ. आदर्श, पीसीएस मैनेजर मोहित शर्मा, विशाल कश्यप और संदीप सहित अस्पताल के अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से अंत में सभी का आभार व्यक्त करते हुए यह विश्वास दिलाया गया कि श्री साईं हॉस्पिटल भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनसेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा, ताकि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं समाज के हर वर्ग तक पहुँच सकें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।