नाहन: रानीताल रो रहा, प्रशासन सो रहा! टूटे झूले, टूटी व्यवस्था- क्या हादसे का है इंतजार?

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शहर की आन-बान और शान माना जाने वाला ऐतिहासिक रानीताल बाग आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। यह केवल एक साधारण पार्क नहीं, बल्कि शहर के गौरवशाली इतिहास और कई पीढ़ियों की सुनहरी यादों का जीवंत हिस्सा है। लेकिन प्रशासनिक उदासीनता और नगर परिषद की गंभीर अनदेखी के कारण आज यह ऐतिहासिक धरोहर न केवल खंडहर और कचरे के ढेर में तब्दील हो चुकी है, बल्कि यहां आने वाले मासूम बच्चों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन गई है।

पार्क की जमीनी हकीकत बयां करती तस्वीरें इस बात की गवाही देती हैं कि यहां बच्चों की सुरक्षा को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया है। पार्क में लगे नीले और हरे रंग के फाइबर वाले स्लाइडर (फिसलन) बीच में से बड़े-बड़े हिस्सों में टूट चुके हैं, जिनमें बेहद खतरनाक और नुकीले छेद हो गए हैं। यदि कोई बच्चा अनजाने में इन पर फिसलता है, तो वह सीधे नीचे पथरीली जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो सकता है। इसके अलावा, लोहे के झूलों की जंग लगी जंजीरें टूटकर हवा में लटक रही हैं, जो खेलते समय बच्चों को गहरी चोट पहुंचा सकती हैं। अभिभावकों का दर्द है कि वर्षों पहले टूटे मजबूत लोहे के झूलों की जगह लगाए गए घटिया प्लास्टिक के झूले भी महज दो साल में दम तोड़ गए, और आज ये बच्चों के मनोरंजन के बजाय किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं।

रानीताल में बच्चों और बुजुर्गों के लिए एक और बड़ा खतरा आवारा पशुओं और बंदरों की बढ़ती संख्या है। पार्क के भीतर आम लोगों से बंदर और कुत्ते खुलेआम घूमते नजर आते हैं, जिससे छोटे बच्चों पर हमले का डर हमेशा बना रहता है। वहीं, पार्क की सुरक्षा के लिए लगाई गई हरी जालियां और फेंसिंग भी कई जगहों से टूटकर जमीन पर बिखर चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तरह पोल खुल गई है। पार्क के एक हिस्से में सूखे पत्तों, प्लास्टिक कचरे और पूजन सामग्री के बड़े-बड़े ढेर सड़ रहे हैं, जो संक्रमण और बीमारियों का कारण भी बन सकते हैं।

शहरवासियों का आरोप है कि चाहे कोई भी सरकार रही हो या कोई भी पार्षद, किसी ने भी इस धरोहर को संवारने पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। सरकार की ओर से यहां तैनात मालियों और कर्मचारियों के वेतन पर हर महीने लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि बाग के पेड़-पौधे सूख रहे हैं और कर्मचारी रखरखाव के बजाय केवल समय काटते नजर आते हैं।

नाहन के अभिभावकों, प्रबुद्ध नागरिकों और युवाओं ने नगर परिषद व जिला प्रशासन से कड़े शब्दों में सवाल किया है कि क्या हमारी ऐतिहासिक विरासतों और बच्चों की सुरक्षा के साथ यही खिलवाड़ होना चाहिए? लोगों ने मांग की है कि किसी अनहोनी के घटित होने से पहले प्रशासन तुरंत जागे, इन जानलेवा टूटे झूलों को हटाकर सुरक्षित नए झूले लगाए, कर्मचारियों की जवाबदेही तय करे और रानीताल को उसका पुराना गौरव वापस दिलाए।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।