गुरुकुल स्कूल सोलन में हर्षोल्लास व देशभक्ति के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Photo of author

By Hills Post

सोलन: गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर विद्यालय परिसर तिरंगे की आन-बान-शान तथा देशभक्ति के गगनभेदी नारों से गूँज उठा, जहाँ विद्यार्थियों और शिक्षकों के उत्साह ने पूरे वातावरण को राष्ट्रीय गौरव से भर दिया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रेरणादायक विचारों एवं भाषणों के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के वास्तविक महत्व, राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और एक ज़िम्मेदार नागरिक की भूमिका का स्मरण कराया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सागरिका बक्शी द्वारा किया गया ध्वजारोहण रहा। राष्ट्रध्वज फहराने के उपरांत राष्ट्रगान की धुन पर पूरा परिसर देशभक्ति के भाव में डूब गया। इसके बाद विद्यालय कैबिनेट एवं एनसीसी (NCC) कैडेट्स द्वारा अनुशासन, आत्मविश्वास और जोश से भरपूर शानदार मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया गया।

समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों, नृत्यों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसमें भारत की विविधता में एकता और राष्ट्रप्रेम की अनुपम झलक देखने को मिली। इस अवसर को रचनात्मक बनाने के उद्देश्य से बालवाटिका-1 से कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए देशभक्ति नृत्य तथा कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला गतिविधि का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, तिरंगे और देशप्रेम की भावना को कैनवास पर उकेरा।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्या श्रीमती सागरिका बक्शी ने कहा कि स्वतंत्रता हमें केवल अधिकार ही नहीं देती, बल्कि राष्ट्र के प्रति कर्तव्य, ज़िम्मेदारी और समर्पण का भाव भी सिखाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, एकता और सकारात्मक सोच के साथ देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के संस्कारवान और प्रतिभाशाली युवा ही सशक्त भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। कार्यक्रम का समापन स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।