नाहन: ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर’ के सक्रिय सदस्य रमन सोढ़ी ने एक बार फिर इंसानियत और सेवा भाव की मिसाल पेश की है। नाहन निवासी रमन सोढ़ी, जो वर्तमान में चंडीगढ़ पुलिस में बतौर आरक्षी (कांस्टेबल) अपनी सेवाएं दे रहे हैं, ने पीजीआई चंडीगढ़ में एक जरूरतमंद मरीज के लिए तत्काल O पॉजिटिव रक्तदान कर उसकी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, जिला सिरमौर की तहसील रेणुका जी के गांव खाला क्यार के रहने वाले एक मरीज पीजीआई चंडीगढ़ में गंभीर स्थिति में उपचाराधीन हैं। वह लिवर (यकृत) की बीमारी से ग्रस्त हैं और शरीर में हीमोग्लोबिन की अत्यधिक कमी होने के कारण उन्हें तुरंत रक्त की नितांत आवश्यकता थी। जैसे ही इस आपातकालीन स्थिति की सूचना ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ तक पहुंची, सोसाइटी के माध्यम से नाहन निवासी रमन सोढ़ी से संपर्क किया गया।

मरीज की नाजुक हालत के बारे में पता चलते ही रमन सोढ़ी ने बिना एक पल की देरी किए तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचकर O पॉजिटिव रक्तदान किया। उनके इस समय पर किए गए रक्तदान से मरीज को नया जीवनदान मिला।
मूल रूप से नाहन के रहने वाले रमन सोढ़ी ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर’ के एक बेहद समर्पित सदस्य हैं। अपनी पुलिस ड्यूटी की व्यस्तताओं के बावजूद वे दिन-रात समाज सेवा और मानव हित के कार्यों के लिए तत्पर रहते हैं। वे इससे पहले भी कई बार रक्तदान कर चुके हैं और जरूरतमंद मरीजों की हर संभव मदद करते हैं।