नाहन: गांव कोटड़ी निवासी हेमराज की बेटी स्नेहा कुमारी का चयन हिमाचल प्रदेश की जूनियर गर्ल्स हैंडबॉल टीम में हुआ है। स्नेहा 25 से 29 नवंबर तक पंजाब के संगरूर स्थित मस्तुआना साहिब में आयोजित होने वाली 48वीं जूनियर गर्ल्स नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष देसराज ठाकुर द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से उनके चयन की सूचना दी गई है।

स्नेहा की इस बड़ी उपलब्धि से उनके परिवार, गांव कोटड़ी और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासी उनकी इस सफलता को पूरे इलाके के लिए गौरवपूर्ण मान रहे हैं।
स्नेहा के चयन पर कोच धर्मेंद्र चौधरी, नरेंद्र, अक्षित, सिरमौर हैंडबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा और सचिव हुकुम शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों व खेल प्रेमियों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि स्नेहा की कड़ी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। सभी ने उम्मीद जताई है कि स्नेहा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश और जिले का नाम रोशन करेंगी। क्षेत्र के लोगों ने भी उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की है।