नाहन: चूड़धार में 18 नवंबर से चल रहे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरैन की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का मंगलवार को विधिवत समापन हो गया। समापन समारोह में चौपाल के कृषि विकास अधिकारी कुंवर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता शिरकत की। सात दिनों तक चले इस शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों में सेवा, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज के निर्माण की भावना को और अधिक मजबूत किया गया।

पर्यावरण और नशा मुक्ति अभियान की सराहना, भावुक हुए मुख्य अतिथि
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कुंवर सिंह ने एनएसएस स्वयंसेवकों और कार्यक्रम अधिकारी ललित कुमार हिमटा के प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान तथा नशे और चिट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों को बेहद सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय ने अपने इन सकारात्मक प्रयासों के दम पर एक अंतरराज्यीय पहचान स्थापित की है। इस दौरान भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें इसी विद्यालय का पूर्व छात्र होने पर गर्व है और यह गर्व उन्हें हमेशा रहेगा।
इससे पहले, कार्यक्रम की शुरुआत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं स्टेट मास्टर ट्रेनर ललित कुमार हिमटा ने विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान का उल्लेख करते हुए उनकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अपने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ते हुए और समाज के लिए योगदान देते हुए देखना किसी भी शिक्षक के लिए सबसे बड़े गर्व और संतोष का विषय होता है।
ब्रिटिश नागरिक समेत कई शिक्षाविदों ने किया मार्गदर्शन
सात दिवसीय इस विशेष शिविर के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक अधिकारियों, शिक्षाविदों, प्रतिष्ठित व्यक्तियों और समाजसेवियों ने हिस्सा लेकर स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। इनमें राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सरैन के प्राचार्य डॉ. रितेश, डॉ. लोकपाल, श्याम शर्मा, पंचायत प्रधान कविता, पंचायत सचिव, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल रहे। इनके अलावा जवाहर नवोदय विद्यालय समिति ठियोग के प्राचार्य रोशन लाल, सीबीएसई स्कूल कुपवी के प्राचार्य राय सिंह रावत, स्वामी कमलानन्द, पुजारी, ब्रिटिश नागरिक जेम्स, पत्रकारों और श्रद्धालुओं ने भी शिविर में पहुंचकर स्वयंसेवकों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें सामाजिक दायित्वों व व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य ने जताया आभार, कई गणमान्य रहे मौजूद
समापन अवसर पर क्षेत्र के प्रगतिशील बागवान अनिल कीम्टा एवं संतोष हिमटा, होटल व्यवसायी एवं बी.आर. डेस्टिनेशन के मालिक तथा पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के पांच सितारा होटल के पूर्व कर्मचारी एवं अधिकारी यशवंत सिंह, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दीप राम दराइक, शकुंतला झारटा, सूर्या प्रकाश ठाकुर और दीप राम शास्त्री सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह नेगी ने मुख्य अतिथि, सभी विशिष्ट अतिथियों, स्थानीय लोगों और शिविर को सफल बनाने में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।