नाहन : वार्ड नंबर 5 स्थित अमरपुर मोहल्ला के ऐतिहासिक शिव मंदिर में भगवान श्री कृष्ण के ‘छठ उत्सव’ के पावन अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर नगर परिषद नाहन की अध्यक्षा उपमा धीमान मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचीं। वह स्थानीय वार्ड नंबर 5 की पार्षद सीमा अत्री के विशेष निमंत्रण पर मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान और पार्षद सीमा अत्री ने भगवान के दरबार में शीश नवाया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भंडारे में प्रसाद भी ग्रहण किया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि जन्माष्टमी के पावन पर्व के बाद हर वर्ष की भांति इस बार भी ‘छठी’ के उपलक्ष्य में यह विशाल भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें अमरपुर मोहल्ला (हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी) और आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ प्रसाद पाया। इस दौरान मंदिर परिसर धार्मिक भजनों और ‘जय श्री कृष्णा’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।