नाहन: आदर्श संस्था ने धौण में लगाया निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, 200 लोगों की जांच कर बांटे चश्मे

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ‘आदर्श’ संस्था (Association for Anti Drug Abuse, Rehabilitation and Saviour of Humanity) द्वारा ग्राम पंचायत धौण के पंचायत घर में निःशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 200 लोगों की आंखों की जांच की गई तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर ‘आदर्श’ संस्था के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत परमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत प्रधान सीमा धीमान एवं उपप्रधान यशपाल ने प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत परमार तथा संस्था की पूरी टीम का स्वागत किया।

ग्राम प्रधान सीमा धीमान ने ‘आदर्श’ संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के निःशुल्क नेत्र जांच शिविर और चश्मा वितरण की पहल जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होती है। उन्होंने इस जनसेवा कार्य के लिए संस्था की पूरी टीम को धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर आदर्श’ संस्था प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत परमार ने कहा कि आज समाज को नशे के प्रति अत्यंत जागरूक और सतर्क रहने की आवश्यकता है। युवा पीढ़ी को चिट्टा तथा अन्य नशों के दलदल से बचाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि ‘आदर्श’ संस्था ग्राम पंचायत धौण को नशामुक्त एवं एक आदर्श पंचायत बनाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर निरंतर कार्य करेगी।

उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता फैलाना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर ‘आदर्श सिरमौर’ के जिला अध्यक्ष मनीष जैन, राकेश थप्पा, संजय चौहान एवं अभिषेक चौधरी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। ‘आदर्श’ संस्था ने शिविर के सफल आयोजन में अमूल्य सहयोग देने के लिए ग्राम पंचायत धौण के प्रधान, उपप्रधान एवं समस्त ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।