नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित पुलिस थाना नाहन में सड़क पर वाहन खड़ा करने को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना 1 अक्टूबर की रात लगभग 9:00 बजे की बताई जा रही है। शिकायतकर्ता केशव (पुत्र विनोद कुमार), निवासी मकान नंबर 3125/10, कच्चा टैंक, नाहन ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, केशव अपने भाई हर्षित और शिवम के साथ हर्षित की गाड़ी ( HR04C-3117) में सवार होकर रामकुंडी स्थित मैकेनिक शाहिद की दुकान पर गाड़ी में स्पीकर लगवाने जा रहे थे। जब वे रामकुंडी तालाब के पास उतराई पर पहुंचे, तो वहां सामने से आई एक अन्य गाड़ी ने अचानक उनकी गाड़ी के ठीक आगे अपना वाहन अड़ा कर खड़ा कर दिया, जिससे रास्ता अवरुद्ध हो गया।

जब केशव और उनके भाइयों ने सामने वाली गाड़ी के चालक सलमान उर्फ भूरी से अपना वाहन थोड़ा पीछे हटाने का अनुरोध किया, तो बात बनने के बजाय बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सलमान और उसके साथ गाड़ी में मौजूद तीन अन्य युवकों ने आक्रामक होकर केशव, हर्षित और शिवम पर हमला कर दिया। आरोपियों ने तीनों पीड़ितों के साथ लात-मुक्कों और पत्थरों से जमकर मारपीट की।
हमले के दौरान आरोपियों ने पीड़ितों को गंभीर अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां भी दीं। स्थिति बिगड़ती देख पीड़ित तीनों युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकले। इस घटना के बाद पीड़ितों ने तुरंत पुलिस थाना नाहन पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज करवाई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी सलमान उर्फ भूरी और उसके तीन अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत FIR पंजीकृत कर ली है। पुलिस की टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश व आगामी कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।