नाहन उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थान 29 जुलाई को रहेंगे बंद

नाहन, 28 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), शिमला द्वारा जिला सिरमौर के लिए 28 जुलाई, 2026 को ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अत्यधिक भारी वर्षा, आंधी-तूफान, बिजली गिरने, फ्लैश फ्लड, भूस्खलन तथा अन्य मौसम संबंधी घटनाओं की संभावना व्यक्त की गई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए उपमंडलाधिकारी (नागरिक) नाहन राजीव कुमार ने जनहित एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेशों के अनुसार नाहन उपमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय, महाविद्यालय, आईटीआई तथा आंगनवाड़ी केंद्र 29 जुलाई, 2026 (बुधवार) को बंद रहेंगे। हालांकि, पूर्व निर्धारित परीक्षाएं अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।

उपमंडलाधिकारी (नागरिक) ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं हितों की रक्षा की जा सके।

शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की उपस्थिति तथा ड्यूटी के संबंध में हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर जारी निर्देश एवं आदेश यथावत लागू रहेंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।