नाहन-कालाअंब NH-07 पर भारी भूस्खलन, सड़क का बड़ा हिस्सा धंसा; भारी वाहनों की एंट्री बंद

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : कालाअंब-नाहन राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-07) पर मोगीनंद स्थित फीनिक्स कंपनी के समीप भारी भूस्खलन के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क के अत्यधिक संकरे और असुरक्षित हो जाने के कारण जिला प्रशासन ने जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से पूरी तरह रोक लगा दी है।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर की रिपोर्ट के आधार पर जिला दंडाधिकारी सिरमौर, प्रियंका वर्मा (IAS) ने मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत यह निषेधाज्ञा जारी की है। आदेशानुसार, डबल-एक्सल वाहन, टिपर और डंपर (चाहे वे लदे हों या खाली) मोगीनंद के प्रभावित स्थल से नहीं गुजर सकेंगे।

यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कालाअंब और नाहन तथा पांवटा-नाहन और कालाअंब के बीच चलने वाले सभी भारी वाहनों को खिजराबाद (हरियाणा) के रास्ते अस्थायी रूप से डायवर्ट किया गया है। प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग (HPPWD NH डिविजन) को प्रभावित सड़क की तुरंत मरम्मत करने और पुलिस विभाग को नियम का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। सड़क के सुरक्षित होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।