नाहन का युवक 5.76 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार, बद्रीपुर चौक पर SIU पुलिस टीम की बड़ी कार्रवाई

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट नाहन की पुलिस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर एक ऑल्टो कार सवार व्यक्ति को 5.76 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ धर दबोचा है।

जानकारी के अनुसार, बीते कल जब SIU नाहन की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के लिए रैनबैक्सी चौक के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक सटीक गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया कि नाहन के कच्चा टैंक का निवासी रोहित विक्रम पिछले काफी समय से नाहन तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा और स्मैक बेचने के अवैध धंधे में संलिप्त है। सूचना यह भी थी कि आरोपी पांवटा बस स्टैंड की ओर से अपनी मारुति ऑल्टो कार (नंबर HP71A-1649) में नशे की खेप लेकर नाहन की तरफ आ रहा है।

सूचना मिलते ही एसआईयू टीम ने बिना कोई समय गंवाए त्वरित कार्रवाई की रणनीति बनाई और बद्रीपुर चौक पर सख्त नाकेबंदी कर दी। कुछ ही देर में बताए गए नंबर की ऑल्टो कार वहां पहुंची, जिसे पुलिस टीम ने रोक लिया। वाहन और आरोपी की विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 5.76 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।

SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने नशे की खेप व प्रयुक्त वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी रोहित विक्रम को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपी के खिलाफ NDPS Act की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगामी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।