नाहन के आदित्य जसवाल ने JEE Mains सेशन-2 में लहराया परचम; हासिल किए 99.08 पर्सेंटाइल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के नाहन शहर के होनहार छात्र आदित्य जसवाल ने देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Mains के दूसरे सेशन में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा जारी किए गए परिणामों में आदित्य ने 99.08 पर्सेंटाइल स्कोर हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

आदित्य की यह सफलता कोई इत्तेफाक नहीं है, बल्कि उनकी कड़ी मेहनत और निरंतरता का परिणाम है। इससे पहले JEE Mains सेशन-1 की परीक्षा में भी आदित्य ने 98.73 पर्सेंटाइल स्कोर कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया था। अब दूसरे सत्र में अपने स्कोर को और बेहतर कर उन्होंने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है।

आदित्य एक साधारण पृष्ठभूमि से संबंध रखते हैं। उनके पिता, कपिल जसवाल, नाहन के मुख्य बाजार में एक दुकानदार हैं और उनकी माता, दीपा जसवाल, एक गृहिणी हैं। आदित्य की इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि सफलता के लिए संसाधनों से ज्यादा संकल्प की आवश्यकता होती है। बेटे की इस कामयाबी पर माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू हैं और घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

आदित्य ने अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अपनी दादी श्रीमती राजकुमारी और माता-पिता के आशीर्वाद के साथ-साथ अपने गुरुजनों (शिक्षकों) के कुशल मार्गदर्शन को दिया है। आत्मविश्वास से लबरेज आदित्य का अगला लक्ष्य अब ‘JEE Advanced’ की परीक्षा में सफलता का परचम लहराकर देश के किसी प्रतिष्ठित IIT संस्थान में दाखिला पाना है।”

आदित्य की इस सफलता से क्षेत्र के अन्य छात्रों को भी आगे बढ़ने और प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।