नाहन: नाज़िया ने शास्त्री में किया कॉलेज टॉप, रूढ़ियां तोड़ पेश की कौमी एकता की मिसाल

नाहन : सिरमौर जिले से एक ऐसी अनूठी और प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जो समाज में भाषा और धर्म की रूढ़िवादी दीवारों को तोड़ती है। गोरक्षनाथ राजकीय संस्कृत कॉलेज नाहन की छात्रा नाज़िया ने शास्त्री (संस्कृत) फाइनल ईयर की परीक्षा में पूरे कॉलेज में टॉप कर एक नया इतिहास रच दिया है। आमतौर पर मुस्लिम परिवारों में अरबी, उर्दू या धार्मिक तालीम को प्राथमिकता दी जाती है, लेकिन नाज़िया ने देवभाषा संस्कृत को चुनकर न केवल अपनी अद्भुत प्रतिभा का लोहा मनवाया, बल्कि गंगा-जमुनी तहज़ीब की एक खूबसूरत मिसाल भी पेश की है।

मूल रूप से पावंटा साहिब के गांव रामपुर बंजारन (डाकघर धौलाकुआं) की रहने वाली नाज़िया (पुत्री सलीम मोहम्मद और माता संजीदा) शुरू से ही पढ़ाई-लिखाई में बेहद कुशाग्र रही हैं। उनके पिता एक फैक्ट्री में काम करते हैं और सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने अपनी होनहार बेटी के सपनों को हमेशा पंख दिए। नाज़िया ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कॉलेज में 1000 में से 785 अंक हासिल कर पहला स्थान पाया है।

नाज़िया की काबिलियत का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जमा दो की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एक साथ तीन अलग-अलग क्षेत्रों—नर्सिंग, जेबीटी और शास्त्री की प्रवेश परीक्षाएं (Entrance Exams) क्लियर कर ली थीं। उनके पास करियर के कई रास्ते खुले थे, लेकिन अपने व्यक्तिगत शौक और अपनी ‘ मैडम’ के विशेष मार्गदर्शन व कहने पर उन्होंने संस्कृत कॉलेज, नाहन में शास्त्री (B.A. Sanskrit) में दाखिला लेने का फैसला किया। आज उन्होंने अपने इस अनोखे फैसले को सही साबित करते हुए कॉलेज का नाम पूरे क्षेत्र में चमका दिया है।

एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली नाज़िया की इस बहुमुखी सफलता और संस्कृत के प्रति उनके इस प्रेम की हर तरफ सराहना हो रही है। नाज़िया की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्या, शिक्षकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी है। लोगों का कहना है कि नाज़िया की यह कामयाबी उन सभी के लिए एक जवाब है जो शिक्षा या भाषा को धर्म के चश्मे से देखते हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।